बरेली : यूपी के बरेली की सदर तहसील में शनिवार को डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आमजन की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि सरकार की मंशा है कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान हो।उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालयों पर जनसुनवाई की लाइव मॉनिटरिंग पहले से की जा रही है, और जल्द ही सभी तहसील मुख्यालयों के सम्पूर्ण समाधान दिवस की भी लाइव मॉनिटरिंग शुरू की जाएगी।
अधिकारियों को समय पर बैठने के निर्देश

डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे रोजाना सुबह 9:45 से 12:00 बजे तक अपने कार्यालय में उपस्थित रहें और आने वाले लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनका समाधान करें। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को समाधान के साथ संतुष्टि भी मिलनी चाहिए और अधिकारियों का व्यवहार भी बेहतर होना चाहिए।
कई शिकायतों पर दिए जांच के आदेश

सम्पूर्ण समाधान दिवस में हरुनगला निवासी एक किसान ने आरोप लगाया कि उसकी जमीन की गलत पैमाइश कर बरेली विकास।प्राधिकरण (BDA) द्वारा नाला खुदवा दिया गया है। इस पर डीएम ने वीसी बीडीए और उप।जिलाधिकारी सदर को जांच के निर्देश दिए। वहीं श्याम नगर उड़ला जागीर के एक व्यक्ति ने पिता की मृत्यु के बाद बिजली कनेक्शन।ट्रांसफर न होने की शिकायत की। डीएम ने विद्युत विभाग को मामले की जांच कर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
विद्युत पोल लगाकर जमीन पर कब्जे की कोशिश
इसके अलावा शहर के संजय नगर निवासी एक व्यक्ति ने ग्राम पुरनापुर की कृषि भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा सीमेंट के पोल लगाकर अवैध कब्जे की शिकायत की। इस पर डीएम ने तहसीलदार सदर और इज्जतनगर थाने के एसएचओ को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम सिटी सौरभ दुबे,एसपी नार्थ मुकेश चंद्र मिश्र, सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण सिंह और एसडीएम सदर प्रमोद कुमार सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
