बरेली: यूपी के बरेली शहर की डेलापीर सब्जी मंडी क्षेत्र में नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी टीम ने बुधवार दोपहर बड़ी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में इलाके में लंबे समय से चल रही फेमस पंडित जी चाय वाली दुकान को हटाया गया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायत के बाद की गई। शिकायत में बताया गया था कि दुकान नाले के ऊपर अवैध रूप से बनाई गई थी, जिससे आसपास जलभराव और आवागमन में परेशानी हो रही थी।
निगम टीम ने नाला किया कब्जा मुक्त
नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान के बाहर रखे फर्नीचर, टीनशेड और अन्य सामान को हटाकर कब्ज़ा मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान नगर निगम कर्मचारियों और पुलिस बल की मौजूदगी रही, ताकि किसी भी तरह की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह चाय की दुकान लंबे समय से मंडी का आकर्षण रही, लेकिन नाले पर निर्माण होने से गंदगी और जाम की समस्या रोज़ बनी रहती थी। नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्ज़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
शहर को स्वच्छ रखने की अपील
नागरिकों से अपील की गई है कि अतिक्रमण से बचें और शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने में सहयोग करें। इस कार्रवाई के बाद मंडी क्षेत्र में अतिक्रमण करने वाले अन्य लोगों में हड़कंप मच गया है। निगम टीम ने साफ किया कि आगे भी ऐसी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
