कटघर किला मार्केट में मचा हड़कंप, निगम प्रवर्तन टीम ने ढहाए अवैध निर्माण, सड़क पर रखे सामान और स्लैब हटाए
बरेली : शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का बुलडोजर लगातार गरज रहा है। सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे निगम के प्रवर्तन दस्ते ने कटघर किला क्रॉसिंग के पास अपनी मार्केट के बाहर कब्जों पर बड़ी कार्रवाई की।अभियान के दौरान दुकानों के सामने बने पक्के ढांचे, नालों पर डाली गई स्लैब और सड़क पर रखे गए सामान को जेसीबी से हटवाया गया। जहां कार्रवाई हुई, वह इलाका कटघर पार्क के बाहर का बताया जा रहा है। नगर निगम यहां जल्द ही एक नया सार्वजनिक पार्क विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है, जैसे ही प्रवर्तन टीम पहुंची, मौके पर अफरातफरी मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई। कार्रवाई के दौरान करीब एक घंटे तक यातायात भी बाधित रहा।
बवाल प्रभावित इलाकों में निगम का फोकस, सैलानी के बाद अब किला मार्केट में बुलडोजर
सूत्रों के मुताबिक, नगर निगम ने फिलहाल उन क्षेत्रों में विशेष निगरानी और सख्त रवैया अपनाया है, जहां 26 सितंबर के बरेली बवाल के आरोपी अधिक हैं। पिछले हफ्ते सैलानी इलाकों में निगम ने कार्रवाई की थी, जबकि सोमवार को टीम ने कटघर किला मार्केट में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। प्रवर्तन दल के प्रभारी कर्नल सी.बी. जोशी ने बताया “यह नगर निगम की नियमित अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई है। आगे भी शहर में सड़क, नाले या सार्वजनिक संपत्तियों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।”इस दौरान निगम की प्रवर्तन टीम के 30 से अधिक कर्मचारी, सुरक्षा बल और एक जेसीबी मशीन मौके पर मौजूद रही।

34 दुकानों के बाहर कार्रवाई, कई बंद मिलीं
नगर निगम के निशाने पर इस बार अपनी मार्केट की 34 दुकानें रहीं। निगम कर्मियों ने दुकानों के बाहर बनाए गए बोर्ड, शेड, स्लैब और अवैध निर्माणों को तोड़ दिया, जब टीम पहुंची तो अधिकतर दुकानें बंद थीं, जिससे किसी तरह का विरोध नहीं हुआ। स्थानीय निवासियों का कहना है “नगर निगम ने सही किया, लेकिन सिर्फ कुछ इलाकों तक ही सीमित न रहे। शहर के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह कार्रवाई होनी चाहिए ताकि अतिक्रमण पूरी तरह खत्म हो सके।”
शहर में संदेश साफ, अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं
नगर निगम की यह कार्रवाई बरेली में कानून-व्यवस्था और नगर अनुशासन को लेकर चल रही सख्ती का हिस्सा मानी जा रही है। 26 सितंबर के उपद्रव के बाद से प्रशासन, पुलिस और नगर निगम सभी विभाग संवेदनशील इलाकों में नियमित निगरानी और अभियान चला रहे हैं।
