बरेली/औरैया : यूपी के औरैया निवासी 40 वर्षीय सिपाही वीरपाल की अचानक मौत हो गई। उनकी पत्नी संगीता के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे उन्होंने नाश्ता किया। इसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, और वह आराम करने को लेट गए। कुछ देर बाद जब पत्नी ने उन्हें जगाने की कोशिश की, तो वह नहीं उठे। घबराकर उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
2006 बैच के सिपाही, बरेली पुलिस लाइन में तैनात
वीरपाल वर्ष 2006 बैच के सिपाही थे, और पिछले तीन साल से बरेली पुलिस लाइन में तैनात थे। वह कोतवाली क्षेत्र में दीपमाला अस्पताल के पास किराए के मकान में पत्नी और दो बेटों के साथ रहते थे। डॉक्टरों के मुताबिक पहली नजर में मौत का कारण साइलेंट हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सही वजह साफ होगी।
नामकरण समारोह में आया युवक नदी में डूबा
दूसरी घटना बरेली के क्योलड़िया क्षेत्र की है, जहां 19 वर्षीय रवि कुमार की देवहा नदी में डूबने से मौत हो गई। रवि बारादरी थाना क्षेत्र की सैनिक कॉलोनी का रहने वाला था और गांव अमीरनगर में नामकरण समारोह में शामिल होने आया था।
नहाते समय गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
गर्मी के कारण रवि अपने भाई और दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।
