बरेली : यूपी के बरेली में एक निजी अस्पताल में गलत इलाज के आरोप पर बड़ा बवाल खड़ा हो गया है। फतेहगंज की रहने वाली ममता नामक महिला की तीन उंगलियां काटनी पड़ीं। इसके बाद शिव सैनिक भड़क उठे। मंगलवार को बड़ी संख्या में शिव सैनिक सीएमओ कार्यालय पहुंचे, और जमकर नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। शिवसेना जिला प्रमुख दीपक पाठक ने आरोप लगाया कि 2 सितंबर को ममता की हाथ की सर्जरी पीलीभीत बाईपास रोड स्थित मेट्रो विजन अस्पताल में की गई थी। इलाज में लापरवाही बरती गई, जिसके चलते तीन उंगलियां काटनी पड़ीं। आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने बिना पर्याप्त इलाज दिए मरीज को जबरन डिस्चार्ज कर दिया।
निजी अस्पताल का लाइसेंस रद्द करने की मांग
शिव सैनिकों ने अस्पताल का लाइसेंस निलंबित करने और जिम्मेदार डॉक्टरों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने इसे अमानवीय कृत्य करार दिया। इस बीच, सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कमेटी गठित की गई है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी, तो वहीं, अस्पताल मालिक ने आरोपों को निराधार बताया और कहा कि मरीज को दिया गया इंजेक्शन अस्पताल के डॉक्टरों ने नहीं, बल्कि परिजनों ने लगाया था। उन्होंने इसे अस्पताल की छवि खराब करने की साजिश बताया।
