बरेली: थाना कोतवाली क्षेत्र में संचालित जिमों को लेकर एक विस्तृत सूची और जांच रिपोर्ट सामने आई है। इस रिपोर्ट में इलाके में चल रहे अलग-अलग जिमों की जानकारी के साथ वहां मौजूद सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का ब्यौरा दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में कई जिमों में महिला ट्रेनर, CCTV कैमरे और महिलाओं के लिए जरूरी सुविधाओं की कमी भी सामने आई है।
कोतवाली क्षेत्र के कई जिमों का तैयार किया गया विवरण

जारी सूची में थाना कोतवाली क्षेत्र के करीब एक दर्जन जिमों का नाम, संचालकों की जानकारी और वहां उपलब्ध सुविधाओं का उल्लेख किया गया है। इसमें एकेएस फिटनेस जिम,केजीएन जीम, द आयरन जिम, द फिटनेस इवोल्यूशन जिम, मसल बीस्ट जिम समेत कई जिम शामिल हैं। रिपोर्ट में जिम संचालकों के मोबाइल नंबर और पते भी दर्ज किए गए हैं।
कई जिमों में महिला सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं की कमी

रिपोर्ट के अनुसार कुछ जिमों में महिला ट्रेनर उपलब्ध नहीं हैं, जबकि कई जगहों पर महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था भी नहीं मिली। कुछ जिमों में CCTV कैमरे नहीं पाए गए, वहीं कई जिमों में बेसिक सुरक्षा सुविधाएं अधूरी मिलीं,ऐसे जिमों को समय दिया गया है सुधार के लिए,फिर कुछ दिन बाद इनकी जांच होगी। हालांकि कुछ जिमों में व्यवस्थाएं संतोषजनक भी बताई गई हैं।
प्रशासनिक निगरानी बढ़ाने की तैयारी

सूत्रों के मुताबिक जिमों की यह सूची सुरक्षा और निगरानी के उद्देश्य से तैयार की गई है, ताकि क्षेत्र में संचालित फिटनेस सेंटरों की व्यवस्था पर नजर रखी जा सके। पुलिस और प्रशासन की ओर से भविष्य में भी ऐसे संस्थानों की जांच जारी रहने की संभावना जताई जा रही है, जिससे महिलाओं की सुरक्षा और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
