बदायूं : बिनावर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मजदूर की मौत हो गई। बरेली-बदायूं हाईवे पर तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रॉली पर बैठा मजदूर सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार बरेली जिले के थाना भमोरा क्षेत्र के ग्राम सिरोही निवासी 26 वर्षीय राजवीर पुत्र विष्णु दयाल मजदूरी का काम करता था। शनिवार सुबह वह गांव के ही चांद खां के ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बैठकर ईंटें लेकर बदायूं जा रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली ग्राम बिलहत स्थित भट्टे से ईंटें भरकर बदायूं की ओर रवाना हुई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब मालगांव फाटक पार कर बरेली-बदायूं हाईवे पर गांव इकराम नगर गोंटिया के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली पर बैठा राजवीर उछलकर सीधे सड़क पर जा गिरा। सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के समय ट्रॉली पर मौजूद दूसरा मजदूर सानू भी हादसे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी 112 और थाना बिनावर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात सुचारु कराया गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक राजवीर के परिजन और गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव की महिलाएं भी घटनास्थल पर पहुंचीं और माहौल गमगीन हो गया।
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद बोलेरो पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपी चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। थाना बिनावर पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार चालक को जल्द गिरफ्तार करने का दावा भी किया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरेली-बदायूं हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर सख्ती बढ़ाने और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।
