दोस्त के नाम से आया RTO चालान मैसेज, लिंक खोलते ही मोबाइल हुआ हैक; साइबर थाने में दर्ज हुआ मामला
बरेली : यूपी के बरेली में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक को चालान के नाम पर भेजी गई एपीके (APK) फाइल ने लाखों का चूना लगा दिया। कैंट क्षेत्र निवासी युवक के खाते से कुछ ही मिनटों में 5.37 लाख रुपये साफ हो गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
चालान मैसेज के बहाने रची गई ठगी
पीड़ित मोहम्मद खालिद के अनुसार, उनके मोबाइल पर उनके परिचित प्रेमपाल के नाम से एक मैसेज आया। जिसमें आरटीओ चालान की जानकारी दी गई थी। मैसेज के साथ एक एपीके फाइल भी भेजी गई थी। भरोसा होने के कारण खालिद ने बिना सोचे-समझे फाइल पर क्लिक कर दिया।
फाइल डाउनलोड होते ही खाते से कटने लगे पैसे
जैसे ही एपीके फाइल डाउनलोड हुई, कुछ ही देर में उनके बैंक खाते से पैसे कटने शुरू हो गए। देखते ही देखते 5,37,000 रुपये निकल गए। अचानक हुए इस बड़े नुकसान से पीड़ित के होश उड़ गए।
साइबर क्राइम थाने में दर्ज हुई शिकायत
घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई।पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ठगों ने किस तरह मोबाइल और बैंकिंग सिस्टम तक पहुंच बनाई।
कैसे काम करता है APK फ्रॉड?
विशेषज्ञों के मुताबिक, एपीके फाइल के जरिए ठग मोबाइल में मैलवेयर इंस्टॉल कर देते हैं, जिससे वे ओटीपी, बैंक डिटेल और अन्य निजी जानकारी तक पहुंच बना लेते हैं। इसके बाद खाते से रकम निकाल ली जाती है।
सावधान रहें, इन बातों का रखें ध्यान, अनजान लिंक या फाइल पर क्लिक न करें
एपीके फाइल केवल आधिकारिक स्रोत से ही डाउनलोड करें। किसी भी संदिग्ध मैसेज या कॉल पर तुरंत सतर्क रहें। बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। इस घटना ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में जरा सी लापरवाही भारी नुकसान में बदल सकती है।
