बरेली : शहर के कैंट थाना क्षेत्र में कारोबारी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में 25 वर्षीय युवक जयवीर कश्यप को कनपटी पर गोली मार दी गई।।गंभीर हालत में युवक गांव के प्राथमिक विद्यालय परिसर में पड़ा मिला। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामले में छह लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कैंट थाना पुलिस के अनुसार घायल जयवीर कश्यप शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे खाना खाने के बाद घर से टहलने निकला था। आरोप है कि गांव के प्राइमरी स्कूल के पीछे खेत के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसे घेर लिया। इसी दौरान सरवन नामक आरोपी ने तमंचे से जयवीर की कनपटी पर गोली मार दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्कूल परिसर में लहूलुहान मिला युवक, गांव में मचा हड़कंप
गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। परिवार के सदस्य भी घटनास्थल पर पहुंचे तो जयवीर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।परिजनों ने घायल को इलाज के लिए कई अस्पतालों में भर्ती कराने की कोशिश की, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे अंततः एक निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
मां की तहरीर पर छह नामजद आरोपी
घायल की मां ओम कुमारी की तहरीर पर पुलिस ने सरवन, प्रेमपाल, सुनील उर्फ बब्लू, अंशु, दीपक और पंकज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर ने मीडिया को बताया कि शुरुआती जांच में मामला पुरानी कारोबारी रंजिश से जुड़ा सामने आया है।दोनों पक्ष पहले क्रॉकरी और टेंट कारोबार में साझेदार थे। साझेदारी टूटने के बाद ग्राहकों को लेकर विवाद लगातार बढ़ता गया। इसी रंजिश में पहले भी दोनों पक्षों के बीच कई बार झगड़े और मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
पहले भी हो चुके हैं विवाद, पुलिस कर रही हर एंगल से जांच
पुलिस के मुताबिक घायल जयवीर और उसके चचेरे भाई राजकरण का आरोपियों के साथ साझा कारोबार था। कारोबार अलग होने के बाद प्रतिस्पर्धा और ग्राहकों को लेकर तनाव बना हुआ था। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों पक्षों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।फिलहाल मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राकेश कुमार कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
