जीआईसी सभागार में शपथ ग्रहण समारोह, महापौर ने दिलाई गोपनीयता की शपथ, अब निगम बोर्ड में भाजपा को स्पष्ट बढ़त
बरेली : यूपी के बरेली से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है।शहर की सरकार कहे जाने वाले नगर निगम बरेली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दबदबा और मजबूत हो गया है। सोमवार को आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में 10 नामित पार्षदों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इसके बाद निगम बोर्ड में भाजपा समर्थित पार्षदों की संख्या 52 से बढ़कर 62 हो गई है।
जीआईसी सभागार में हुआ शपथ ग्रहण
शहर के जीआईसी ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे आयोजित विशेष कार्यक्रम में महापौर डॉ. उमेश गौतम ने सभी नामित पार्षदों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम में प्रशासनिक और राजनीतिक हस्तियों की मौजूदगी ने इसे खास बना दिया।
16 मार्च को हुई थी घोषणा
राज्य सरकार द्वारा 16 मार्च को 10 नामित पार्षदों के नाम घोषित किए गए थे। औपचारिक प्रक्रिया के तहत सोमवार को सभी पार्षदों ने शपथ ग्रहण कर अपने दायित्व संभाले।
अब निगम में भाजपा का मजबूत गणित
पहले भाजपा के 52 पार्षद थे। मगर, अब नामित पार्षद जुड़ने के बाद यह संख्या 62 हो गई है। नगर निगम में कुल निर्धारित सीटें 80 हैं।।मगर, वर्तमान सदस्य संख्या 77 हैं। क्योंकि 3 पार्षदों का निधन हो चुका है। अन्य सीटों पर समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और निर्दलीय पार्षद मौजूद हैं, लेकिन संख्या के लिहाज से भाजपा को अब स्पष्ट बढ़त मिल गई है।
कौन-कौन बने नामित पार्षद?
सभी 10 नामित पार्षदों ने शपथ ली है। इसमें ज्ञान प्रकाश लोधी, गौरव सक्सेना, रामबहादुर मौर्य, सुमित सैनी, हरीश बाबू वाल्मीकि, कमला देवी कश्यप, वीरेंद्र, हरिओम गौतम, अशोक चौहान और राजीव कुमार गुप्ता। इनमें कमला देवी कश्यप एकमात्र महिला पार्षद हैं। महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि नामित पार्षद भी अन्य पार्षदों की तरह शहर के वार्डों में जनता की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों की निगरानी करेंगे।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में कई बड़े जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। इसमें यूपी सरकार के स्वतंत्र प्रभार मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, सांसद छत्रपाल गंगवार, बहोरन लाल मौर्य (एमएलसी), अधीर सक्सेना (भाजपा महानगर अध्यक्ष) एडवोकेट अनिल सक्सेना
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य मौजूद थे।
