बरेली : शहर के किला थाना क्षेत्र के साहूकारा इलाके में ब्लॉक लेवल ऑफिसर (BLO) राजेश अग्रवाल पर हमले का मामला सामने आया है। जिससे प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। आरोप है कि वोटर लिस्ट से जुड़े SIR (Special Intensive Revision) को लेकर हुए विवाद के दौरान एक स्थानीय दबंग ने BLO पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के समय आरोपी ने मारपीट भी की। जिससे BLO गंभीर रूप से डर और तनाव में बताए जा रहे हैं।

BLO ने दर्ज कराई फिर-पुलिस की कार्रवाई तेज
हमले के तुरंत बाद BLO राजेश अग्रवाल ने थाना किला पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान हो चुकी है, और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
इलाके में बढ़ाई गई गश्त, आरोपी की तलाश जारी
हमले के बाद पुलिस ने साहूकारा इलाके में गश्त बढ़ा दी है। पुलिस टीम संदिग्ध स्थानों पर राउंड लगा रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि विवाद की असल वजह क्या थी और इसके पीछे कोई दबाव या साजिश तो नहीं। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने सभी सरकारी कर्मचारियों, खासकर BLOs और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े कर्मचारियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में कानून -व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तत्पर है, और किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लोगों में रोष, BLO समुदाय में चिंता
इस हमले से BLO समुदाय में नाराजगी और चिंता देखने को मिल रही है। वे पहले भी कई बार इस तरह की घटनाओं में सुरक्षा बढ़ाने की मांग उठा चुके हैं। स्थानीय नागरिकों ने भी घटना की कड़ी निंदा की और आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।
