बरेली: शहर की बारादरी थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सूचना पर कार्रवाई कर 35 वर्षीय शातिर नशा तस्कर को भारी मात्रा में अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है।बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 19 लाख रुपये बताई जा रही है।
752 ग्राम अफीम के साथ पकड़ा आरोपी
पुलिस के अनुसार, पीलीभीत बाईपास स्थित डोहरा मोड़ के पास चेकिंग के दौरान आरोपी अली हसन को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से 752 ग्राम अवैध अफीम, एक मल्टीमीडिया मोबाइल फोन और 2000 रुपये नकद बरामद हुए। आरोपी एजाज नगर क्षेत्र का रहने वाला है।गिरफ्तारी के बाद थाना बारादरी में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में सामने आए कई अहम खुलासे
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह आठवीं तक पढ़ा है और शादीशुदा है। उसके तीन छोटे बच्चे हैं और पत्नी घर पर रहती है। आरोपी पहले कुवैत में ड्राइविंग का काम करता था और हाल ही में भारत लौटा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी का छोटा भाई पहले से ही झारखंड के डाल्टनगंज जेल में एनडीपीएस एक्ट के मामले में बंद है। आरोपी 26 जनवरी को अपने भाई से मिलने जेल गया था, जहां उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई। वहीं से उसने अफीम खरीदी थी और इसे बेचने के इरादे से बरेली लाया था।
खरीदार से संपर्क करते समय हुई गिरफ्तारी
आरोपी अफीम की खेप को बेचने के लिए एक व्यक्ति से संपर्क में था। सौदा तय करने के दौरान ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस को संबंधित व्यक्ति का मोबाइल नंबर भी मिला है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है और पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।
