बरेली: यूपी के बरेली देहात के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज में कार्यरत जूनियर रेजिडेंट महिला डॉक्टर ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि उनके पति ने मोबाइल फोन हैक कर लिया और उनके दोस्तों व रिश्तेदारों को फोन करके गाली-गलौज तथा धमकी दी। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैचमेट और रिश्तेदारों को किए आपत्तिजनक कॉल
पीड़िता के मुताबिक उनका अपने डॉक्टर पति अमन कुमार सिंह और ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा है। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल को उनके पति ने उनके बैचमेट सिद्धार्थ को फोन कर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। इसके अलावा उनके चचेरे भाई दिव्यांश को भी कॉल कर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। महिला डॉक्टर का आरोप है कि उनकी ननद तनुश्री भी उनके दोस्तों और बैचमेट्स को मैसेज कर निजी जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है।
फोन हैक होने से मानसिक तनाव में हूं
महिला डॉक्टर ने शिकायत में कहा कि पति द्वारा मोबाइल हैक किए जाने और लगातार परेशान किए जाने से वह मानसिक तनाव में हैं। उनका कहना है कि इस वजह से उनकी पढ़ाई और अस्पताल के काम पर असर पड़ रहा है और वह ठीक से ध्यान नहीं लगा पा रही हैं। पीड़िता ने बताया कि इस मामले में वह पहले भी महाराष्ट्र के नालासोपारा अचोले थाने में शिकायत दर्ज करा चुकी हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
थाना भोजीपुरा में पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
