बरेली: आगामी त्योहारों को लेकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चला रही है। इसी क्रम में थाना अलीगंज पुलिस टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रात थाना अलीगंज पुलिस टीम चंदनपुर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। जब पुलिस टीम चंदनपुर से पहले कब्रिस्तान के पास पहुंची, तभी सामने से एक बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर उन्हें चेकिंग के लिए रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखकर भागने लगे युवक
पुलिस को देखते ही बाइक सवार युवक भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर दोनों को रात करीब 10 बजकर 5 मिनट पर कब्रिस्तान के पास ही पकड़ लिया। पकड़े गए दोनों युवकों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 820 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस के अनुसार बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही दो मोबाइल फोन और एक बाइक भी जब्त की गई है।
आरोपियों की पहचान
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपने नाम लाल सिंह निवासी लक्ष्मणपुर मजरा रामनगर थाना आंवला और दीपांशू निवासी रामनगर थाना आंवला बताए हैं। पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
