दिल्ली : उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र ने मेट्रो ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान 17 वर्षीय अश्विनी डागर के रूप में हुई है, जो नजफगढ़ का निवासी था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कंट्रोलर की सूचना पर पहुंची पुलिस, द्वारका की ओर से आ रही थी ट्रेन
मेट्रो पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि सुबह 11:07 बजे स्टेशन कंट्रोलर के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक मेट्रो ट्रेन के सामने कूद गया है। जांच में सामने आया कि द्वारका की ओर से आ रही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंची ही थी, तभी युवक अचानक ट्रैक पर कूद गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सुरक्षा कर्मियों ने ट्रैक से शव हटवाया, जिसके चलते करीब आधे घंटे तक मेट्रो सेवाएं बाधित रहीं।
कोचिंग करने वाला था छात्र, परिवार से पूछताछ जारी
पुलिस जांच में पता चला है कि अश्विनी 12वीं कक्षा का छात्र था और उत्तम नगर स्थित एक कोचिंग सेंटर से पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता देवेंद्र दिल्ली परिवहन निगम में बस चालक हैं। अश्विनी परिवार का इकलौता बेटा था। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
