बरेली : पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चरस और डोडा तस्करी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हाफिजगंज थाना क्षेत्र में 2 आरोपियों को 1 किलो 4 ग्राम चरस के साथ पकड़ा गया, जबकि विशारतगंज थाना पुलिस ने 10 किलो से ज्यादा डोडा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। इस दौरान कुछ आरोपी मौके से फरार भी हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
हाफिजगंज पुलिस ने 1 किलो से ज्यादा चरस के साथ 2 आरोपी पकड़े
हाफिजगंज पुलिस ने गश्त के दौरान सावरखेड़ा से चौखण्डी जाने वाले रास्ते पर मैसर अली और जमील अहमद को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी कुंवरपुर बंजरिया गांव के निवासी हैं और इनके कब्जे से 1 किलो 4 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कार्रवाई के दौरान 3 आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान तीन अन्य आरोपी इमरान उर्फ कौनेन, हसनैन और इसराईल अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और आसपास के इलाकों में तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
विशारतगंज में 10 किलो डोडा के साथ आरोपी गिरफ्तार, पहले भी जा चुका है जेल
वहीं विशारतगंज पुलिस ने सूचना पर कार्रवाई करते हुए सागर नाम के आरोपी को भिण्डौरा अड्डा के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से 10.290 किलो अवैध डोडा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि वह सस्ते में डोडा खरीदकर महंगे दामों में बेचता था और पहले भी इसी मामले में जेल जा चुका है।पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
