बरेली : यूपी के बरेली में बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की कार्रवाई लगातार जारी है। बुधवार को बीडीए की टीम ने अवैध निर्माणों पर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने कैंट थाना क्षेत्र में 4 अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया, जबकि इज्जतनगर क्षेत्र में 2 अवैध निर्माणों को सील किया गया। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम, सहायक अभियंता और अवर अभियंताओं की मौजूदगी में यह पूरी कार्रवाई की गई।
कहां-कहां गिरी कार्रवाई की गाज?
शहर के कैंट थाना क्षेत्र के मोहनपुर रोड, नकटिया में बिना स्वीकृत मानचित्र के 10 बीघा तक की कई अवैध कॉलोनियों को विकसित किया जा रहा था। BDA ने सभी में ध्वस्तीकरण किया। यहां सद्दाम ने 10 बीघा में अवैध प्लॉटिंग, सड़क, नाली, बाउंड्रीवाल की थी। इसके साथ ही ओमपाल की 10 बीघा में अवैध कॉलोनी, साइट ऑफिस तक बनाया। बुद्धवा की 3 बीघा में अवैध विकास कार्य किया गया था। नूर हसन ने 4 बीघा में अवैध प्लॉटिंग और कॉलोनी विकसित की थी। इन चारों कॉलोनियों में सड़क, नाली, प्लॉटिंग और बाउंड्रीवाल बन चुकी थीं। ये कॉलोनियां पूरी तरह अवैध पाई गईं।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र में 2 अवैध निर्माण सील
टीम ने साक्षी निवासी ग्राम मुड़िया अहमद नगर का 105 वर्गमीटर में अवैध आवासीय निर्माण सील किया। इसके साथ ही भूनेश गंगवार, मठ लक्ष्मीपुर का 150 वर्गमीटर में अवैध आवास निर्माण सील कर दिया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धाराओं के तहत की गई। इस दौरान टीम में सहायक अभियंता गजेन्द्र पाल शर्मा, अवर अभियंता सुरेंद्र द्विवेदी, अजीत साहनी आदि के साथ BDA की प्रवर्तन टीम थी।
BDA की कड़ी चेतावनी-प्लॉट खरीदने से पहले जांच जरूर करें
BDA ने नागरिकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना मानचित्र स्वीकृति के प्लॉटिंग या निर्माण पूरी तरह अवैध है। ऐसे निर्माणों का ध्वस्तीकरण कभी भी किया जा सकता है। खरीदार से कहा गया है कि प्लॉट/मकान खरीदने से पहले प्राधिकरण से उसकी स्वीकृति अनिवार्य रूप से चेक करें। बिना स्वीकृति खरीदी पर होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदारी खरीदार की ही होगी।
