बरेली : सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर बरेली में बुधवार को भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। शहर से लेकर बहेड़ी तक एकता यात्रा, पदयात्रा और जनसभाओं का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। प्रभारी मंत्री, केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और भाजपा के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
एमबी इंटर कॉलेज मैदान में बड़ी सभा-“सरदार पटेल होते तो कई समस्याएँ ही न होती”
शहर के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित मुख्य सभा में ज़िले के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल का जीवन दर्शन आज भी देश की एकता के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने मंच से बड़ा बयान देते हुए कहा“यदि सरदार पटेल देश के पहले प्रधानमंत्री होते, तो जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने की जरूरत ही नहीं पड़ती। देश कई चुनौतियों से बच जाता।”उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आत्मनिर्भर और शक्तिशाली राष्ट्र बन रहा है। युवाओं से उन्होंने अपील की कि वे सरदार पटेल के जीवन से सीख लेकर राष्ट्र निर्माण में आगे आएं।
शहर में निकली एकता यात्रा-फूल बरसाकर स्वागत
जयंती समारोह के तहत वन एवं पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार के नेतृत्व में शहर विधानसभा क्षेत्र में एकता यात्रा निकाली गई। यह यात्रा शील चौराहा (शिवाजी चौक) से शुरू होकर एमबी इंटर कॉलेज तक पहुँची। व्यापारी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं ने पदयात्रा का फूलों की वर्षा से स्वागत किया। मंत्री अरुण कुमार ने कहा, “आज हम उस व्यक्तित्व को नमन कर रहे हैं, जिन्हें इस देश की एकता का सूत्रधार कहा जाता है।”
यात्रा के यह थे मौजूद
इस दौरान यात्रा में महापौर उमेश गौतम, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक संजीव अग्रवाल, अनिल सक्सेना, श्रुति गंगवार, देवेंद्र जोशी सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
बहेड़ी में केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद की अगुवाई में निकली एकता यात्रा
बरेली के बहेड़ी में भी बुधवार को एकता यात्रा का आयोजन हुआ, जिसका नेतृत्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने किया। यात्रा बहेड़ी के कई हिस्सों से होकर गुजरी और अंत में सभा आयोजित की गई। सभा में जितिन प्रसाद ने कहा- “सरदार पटेल ने भारत को एक सूत्र में पिरोया। उसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश को जोड़ने का काम कर रहे हैं। हर वर्ग के लिए काम किया जा रहा है।”मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने कहा- “भाजपा द्वारा निकाली गई भव्य यात्राएं सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि हैं। जिस तरह जनता का अपार समर्थन मिल रहा है, वह जन-आशीर्वाद है।”बिहार चुनाव को लेकर कहा-“बिहार में एनडीए की जीत तय है, विपक्ष को कहीं जगह नहीं मिलेगी।”
