सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में की जनसभा, कलेक्ट्रेट पर नारेबाजी कर निकाला जुलूस
बरेली : यूपी के बरेली में सोमवार को दलित, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के कथित उत्पीड़न की घटनाओं के विरोध में भीम आर्मी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शहर के सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में एकत्र हुए, जहां पहले जनसभा आयोजित कर दलित समाज से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। जनसभा के दौरान वक्ताओं ने दलितों पर हो रहे कथित अत्याचार और उत्पीड़न की घटनाओं पर नाराजगी जताई। आरोप लगाया कि दलितों की थानों और सरकारी दफ्तरों में सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
सेठ दामोदर स्वरूप पार्क से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च, सड़क पर लगा जाम
जनसभा के बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालते हुए एसएसपी कार्यालय की ओर कूच किया। मार्च के दौरान कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट की तरफ बढ़े। इस दौरान रास्ते में पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोककर वहीं ज्ञापन लेने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर ही ज्ञापन देने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति दे दी। पैदल मार्च के कारण एसएसपी कार्यालय जाने वाली सड़क पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति भी बन गई। इसके बाद में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट गेट पर पहुंचे।यहां उन्होंने जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
इस प्रदर्शन के दौरान भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में दलितों की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि यदि पीड़ितों को न्याय नहीं मिला तो संगठन आगे भी आंदोलन करेगा। अंत में प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी मांगों को संबंधित स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
