बरेली : नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ओपन कुकीवॉन कप में बरेली के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। 9 से 12 अक्टूबर तक चली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बरेली के 14 खिलाड़ियों ने कुल 18 पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर मंगलवार को डीएम (जिलाधिकारी) अविनाश सिंह ने विजेता खिलाड़ियों से मुलाकात की, और उन्हें सम्मानित करते हुए 5-5 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की।

डीएम बोले- खेल से बढ़ता आत्मविश्वास, बेटियों का प्रदर्शन गर्व की बात
सम्मान समारोह के दौरान डीएम अविनाश सिंह ने कहा,“पढ़ाई के साथ -साथ खेल भी जीवन का अहम हिस्सा हैं। खेल आत्मविश्वास और अनुशासन बढ़ाते हैं। यह गर्व की बात है कि इस प्रतियोगिता में ज्यादातर पदक विजेता बेटियां हैं। बेटियों को आत्मरक्षा के गुण सीखने चाहिए ताकि वे हर परिस्थिति में खुद की सुरक्षा कर सकें।”

माही गंगवार ने मारी बाजी, जीते 3 स्वर्ण और 1 कांस्य
बरेली की माही गंगवार ने इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 3 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक जीतकर सबसे ज्यादा मेडल अपने नाम किए। उनके प्रदर्शन ने न सिर्फ टीम को बढ़त दिलाई बल्कि भारत के झंडे को अंतरराष्ट्रीय मंच पर ऊँचा फहराया। इस प्रतियोगिता में माही गंगवार, निशु भारद्वाज, शुभम रौतेला, अधृत श्रीवास्तव, करण कुमार कनौजिया, भानु प्रताप सिंह, साँची सिंह, माधुरी, तवेज कुमार, आरोही, परिक्रमा, जोया खान, रूप और शहजाद ने मेडल जीते।

कोचों की मेहनत का बड़ा योगदान
खिलाड़ियों के साथ पहुंचे कोच मोहम्मद अकमल खान, साक्षी बोरा और जगमोहन पटेल को भी डीएम ने सराहा। उन्होंने कहा कि “बरेली का यह गौरव इन प्रशिक्षकों की कड़ी मेहनत और खिलाड़ियों की लगन का परिणाम है। शहर के युवा खेलों के जरिए देश का नाम रोशन कर रहे हैं।”
बरेली का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर
यह पहली बार नहीं है जब बरेली के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाई हो। इस बार का प्रदर्शन यह साबित करता है कि नवोदित खिलाड़ी भी बड़े मंच पर अपना दमखम दिखाने को तैयार हैं।
DM की इस सराहना से न सिर्फ खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है, बल्कि जिले के अभिभावकों में भी खेल के प्रति उत्साह बढ़ा है।
