बरेली : बिथरी चैनपुर क्षेत्र के मानपुर बाज़ार में सरकारी आदेश पर कुर्की करने पहुंचे एक संग्रह अमीन पर दबंग परिवार ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपी न केवल सरकारी कर्मचारी से मारपीट की, बल्कि उसके पास मौजूद सरकारी दस्तावेज़ भी फाड़ डाले। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, संग्रह अमीन 2.21 लाख रुपये की वसूली के आदेश को लेकर आरोपी डालचन्द्र पुत्र ख्योराज के घर पहुंचे थे। जैसे ही अमीन कार्रवाई करने लगे, डालचन्द्र और उसके परिवार ने अचानक हमला बोल दिया।
अमीन के आरोप
पीड़ित अमीन ने आरोप लगाया कि डालचन्द्र ने पहले उसे गालियाँ दीं, फिर पत्नी और बेटियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से पिटाई की। इतना ही नहीं, उन्होंने सरकारी दस्तावेज़ छीनकर फाड़ दिए और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। किसी तरह जान बचाकर अमीन थाने पहुँचा और पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित अमीन ने पुलिस से सुरक्षा और सख़्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी डालचन्द्र, उसकी पत्नी और बेटियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश तेज़ कर दी गई है।
पारिवारिक न्यायालय का आदेश
गौरतलब है कि पारिवारिक न्यायालय ने डालचन्द्र के खिलाफ बकाया वसूली का आदेश दिया था। लेकिन जब सरकारी कर्मचारी अपना कर्तव्य निभाने पहुँचा, तो उस पर ही हमला कर दिया गया। यह घटना सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
