पति के केस के बाद घर में घुसकर मारपीट, जिम में बनवाई धमकी की वीडियो, महिला ने एसएसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार
बरेली : शहर के थाना बारादरी क्षेत्र के काजीटोला मोहल्ले में रहने वाली रेशमा पत्नी नईम कुरैशी ने कुछ दबंगों पर रंगदारी, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पति के केस के बाद बढ़ा विवाद
रेशमा के मुताबिक, उनके पति ने 7 अगस्त को थाना बारादरी में हमदान, आमिर और 4–5 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। इसी रंजिश में 9 अगस्त की रात करीब 9 बजे हमदान, आमिर, उवैश और 3–4 अज्ञात लोग घर में घुस आए। उस समय उनके पति घर पर नहीं थे। आरोप है कि आरोपियों ने रेशमा से मारपीट कर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और मुकदमे में समझौता करने का दबाव बनाया। इनकार करने पर उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई।
जिम में बनाई धमकी की वीडियो
महिला का कहना है कि आरोपियों ने उनके पति को गुलाब के जिम में बुलाकर डराया–धमकाया और बेटे की जान के बदले 30 लाख रुपये की मांग का वीडियो बनवाया। पीड़िता ने बताया कि सभी आरोपी दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति के हैं, जिनके खिलाफ बरेली के अलग-अलग थानों में कई केस दर्ज हैं।
कभी भी हो सकती है वारदात
रेशमा ने आशंका जताई है कि आरोपी कभी भी उनके परिवार के साथ गंभीर घटना को अंजाम दे सकते हैं। उन्होंने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज करने और आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
