बरेली: सावन में कछला से गंगाजल लेने जा रहे कांवड़ियों के जत्थे पर उस समय मातम छा गया, जब भमोरा थाना क्षेत्र में रविवार रात सड़क हादसे में एक कांवड़िये की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिथरी चैनपुर क्षेत्र के रामचंद्रपुर मानपुर गांव निवासी 36 वर्षीय पंकज के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी रीना और मासूम बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है।
30 कांवड़ियों के जत्थे के साथ निकला था पंकज
परिजनों के मुताबिक, रविवार शाम रामचंद्रपुर मानपुर गांव से करीब 30 कांवड़ियों का जत्था कछला (बदायूं) से गंगाजल लेने के लिए रवाना हुआ था। पंकज भी बाइक से अपने साथियों के साथ कछला जा रहा था। बताया गया कि जत्था जब भमोरा थाना क्षेत्र में सरदार नगर पुल के पास पहुंचा, तभी पंकज सड़क हादसे का शिकार हो गया।
डिवाइडर से टकराने या अज्ञात वाहन की टक्कर की आशंका
हादसा किस वजह से हुआ।इसकी स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। परिजनों और साथियों के मुताबिक आशंका है कि बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई हो सकती है। वहीं यह भी संभावना जताई जा रही है कि रात के अंधेरे में किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी हो।हादसे में पंकज गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद साथी कांवड़ियों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पंकज को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदार वाहन का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करता था पंकज
पंकज खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी रीना और एक मासूम बेटा है। कांवड़ यात्रा पर गंगाजल लेने निकले पंकज की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी रीना बेसुध हो गईं। वहीं मासूम बेटे को देखकर परिजनों की आंखें नम हैं।
गांव में पसरा मातम
पंकज की मौत की खबर गांव पहुंचते ही रामचंद्रपुर मानपुर में शोक की लहर दौड़ गई। जिस जत्थे के साथ वह श्रद्धा और आस्था के साथ कछला के लिए निकला था, उसी जत्थे में हादसे के बाद मातम पसर गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
