बरेली : उत्तर रेलवे के बरेली जंक्शन पर एक परिवार की जल्दबाजी जानलेवा साबित होते-होते रह गई। अवध-असम एक्सप्रेस में सवार होने के दौरान परिवार के दो बच्चे ट्रेन में चढ़ गए, जबकि उनके माता-पिता और अन्य परिजन प्लेटफॉर्म पर ही रह गए। ट्रेन के चलने पर घबराए बच्चों के रोने-चिल्लाने के बीच एक महिला रिश्तेदार समेत दोनों बच्चों ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। गनीमत रही कि सभी सुरक्षित बच गए और एक बड़ा हादसा टल गया। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। यह घटना बुधवार दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। मझगंवा निवासी निरंकार अपने परिवार के साथ आगे की यात्रा के लिए बरेली जंक्शन पहुंचे थे। उनके साथ पत्नी कोमल, बच्चे आदित्य और ज्योती, साली सोनी समेत अन्य परिजन भी मौजूद थे।
सोनी ने घबराहट में चलती ट्रेन से लगा दी छलांग
अवध-असम एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म पर पहुंचने के बाद सभी ट्रेन में चढ़ने लगे, लेकिन इसी दौरान बच्चे आदित्य, ज्योती और सोनी तो ट्रेन में सवार हो गए, जबकि निरंकार, कोमल और अन्य परिजन प्लेटफॉर्म पर ही रह गए। तभी ट्रेन ने चलना शुरू कर दिया। ट्रेन के चलने पर डिब्बे के अंदर मौजूद दोनों बच्चे घबरा गए और रोने-चिल्लाने लगे। यात्रियों ने स्थिति को देखते हुए बच्चों को नीचे उतारने का प्रयास किया। इसी दौरान एक बच्चा ट्रेन की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। वहीं, ट्रेन में मौजूद सोनी ने भी घबराहट में चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। वह भी ट्रेन के नीचे आने से बच गई।
प्लेटफॉर्म पर मच गई अफरा -तफरी
इस अचानक हुई घटना से प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर मयंक चौधरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल स्थिति को संभाला। पुलिस के अनुसार, हादसे में परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ और सभी सुरक्षित हैं। गुरुवार को इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ सेकंड की चूक किस तरह एक बड़े हादसे में बदल सकती थी। राहत की बात यह रही कि ट्रेन की रफ्तार अधिक नहीं थी और छलांग लगाने के दौरान कोई भी प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच नहीं फंसा।
कुछ सेकंड की जल्दबाजी हो सकती है जानलेवा
यह घटना एक बार फिर चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की जल्दबाजी के गंभीर खतरे को उजागर करती है। रेलवे और सुरक्षा एजेंसियां लगातार यात्रियों से अपील करती हैं कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि कुछ सेकंड की जल्दबाजी जानलेवा साबित हो सकती है।
