बरेली : शहर की पहचान बन चुके परसाखेड़ा स्थित झुमका चौराहे पर एक बार फिर रील बनाने को लेकर विवाद हो गया। दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। खास बात यह है कि पूरी घटना पुलिस बूथ के सामने हुई। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया गया है।
रील बनाने को लेकर बढ़ा विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झुमका चौराहे पर बड़ी संख्या में लोग घूमने, फोटो खिंचवाने और सोशल मीडिया के लिए रील बनाने पहुंचते हैं। इसी दौरान दो पक्षों के बीच रील बनाने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की के बाद मारपीट शुरू हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कई लोग आपस में भिड़ते और एक-दूसरे से हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस बूथ के सामने घटना पर चर्चा
बताया जाता है कि इस घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जहां मारपीट हुई। वहां से कुछ ही दूरी पर पुलिस बूथ मौजूद है और नियमित रूप से पुलिसकर्मियों की तैनाती भी रहती है। इसके बावजूद विवाद बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया। इसे लेकर लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद समय रहते स्थिति को क्यों नहीं संभाला जा सका।
पर्यटन स्थल की छवि पर पड़ रहा असर
झुमका चौराहा बरेली की सांस्कृतिक पहचान और प्रमुख आकर्षणों में शामिल है। यहां रोजाना स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटक भी पहुंचते हैं। लेकिन पिछले कुछ समय से रील और वीडियो बनाने के दौरान होने वाले विवाद लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे घटनाक्रम इस पर्यटन स्थल की सकारात्मक छवि को प्रभावित कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर गलत कारणों से चर्चा का विषय बन रहे हैं।
पुलिस ने क्या कहा
सीबीगंज थाना प्रभारी ने मीडिया को बताया कि झुमका चौराहे पर दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की सूचना मिली थी।पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया गया। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। यदि शिकायत मिलती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
