पानी पीने के बहाने जेल फार्म से भागा था बंदी, पुलिस पर की फायरिंग,पॉक्सो, धारा 377 और एससी-एसटी एक्ट के मामले में काट रहा था उम्रकैद की सजा
बरेली : शहर के इज्जतनगर स्थित केंद्रीय कारागार से फरार हुए आजीवन कारावास की सजा काट रहे सिद्धदोष कैदी को पुलिस ने चार दिन बाद मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया और बाद में पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार कैदी की पहचान अमरोहा जिले के डिडोली थाना क्षेत्र निवासी दिनेश के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वर्ष 2020 में उसके खिलाफ डिडोली थाने में धारा 377 (तत्कालीन भारतीय दंड संहिता), पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 तथा एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)(V) के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था।
19 अप्रैल 2026 को बिजनौर जेल से ट्रांसफर
इस मामले की सुनवाई के बाद अमरोहा की एडीजे/पॉक्सो एक्ट अदालत ने 9 जनवरी 2026 को उसे आजीवन कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई थी। सजा के बाद 19 अप्रैल 2026 को उसे बिजनौर जेल से स्थानांतरित कर बरेली की केंद्रीय कारागार भेजा गया था। पुलिस के मुताबिक 22 जून को वह जेल परिसर के फार्म में काम कर रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे पानी पीने के बहाने ट्यूबवेल की ओर गया और वहां से ढेचा के खेतों के रास्ते जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया।
खंडहर में छिप गया था आरोपी
जांच में सामने आया कि फरारी के बाद दिनेश परतापुर निवासी नासिर कुरैशी के घर में छिपा हुआ था।उसने पुलिस को बताया कि जेल की दीवार के पास काम करने के दौरान उसकी नासिर से पहचान हुई थी। इसके बाद उसने वहीं शरण ली। पुलिस को सूचना मिली कि दिनेश रात में तमंचा लेकर अमरोहा भागने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखकर आरोपी एक खंडहर में छिप गया और घिरने पर उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियार भी बरामद किया है। उसके खिलाफ जेल से फरार होने, पुलिस पर जानलेवा हमला करने और अवैध हथियार रखने समेत अन्य धाराओं में भी कार्रवाई की जा रही है। फरारी में सहयोग देने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
कैदी की मदद करने वालों की भूमिका की होगी जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और फरार कैदी की मदद करने वाले लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। जांच में मदद करने वालों की भूमिका सामने आने के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
