बहेड़ी के उनई गांव में आधी रात छापेमारी, टीम को देखकर जंगल की ओर भागे चालक,एक किलोमीटर पीछा कर दबोचे वाहन
बरेली : यूपी के बरेली में अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बहेड़ी तहसील क्षेत्र में आधी रात की गई छापेमारी के दौरान प्रशासनिक टीम ने अवैध खनन में संलिप्त दो जेसीबी और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर बड़ी कार्रवाई की है। पकड़े गए वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर उन्हें थाना बहेड़ी की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया है।
टीम के पहुंचते ही जंगल की तरफ भागे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 जून की मध्यरात्रि को ग्राम उनई, थाना बहेड़ी क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत मिलने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने औचक निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाया। मौके पर पहुंची टीम को खनन कार्य में लगी दो जेसीबी मशीनें और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली सक्रिय मिलीं। बताया गया कि टीम को देखते ही वाहन चालक और संचालक वाहनों को लेकर जंगल की ओर भागने लगे।
टीम ने दौड़कर पकड़ा
हालांकि, प्रशासनिक टीम ने तत्परता दिखाकर लगभग किलोमीटर तक उनका पीछा किया और सभी वाहनों को पकड़ लिया। इसके बाद अवैध खनन और खनिज परिवहन के आरोप में सभी वाहनों को जब्त कर लिया गया।प्रशासन ने बताया कि इससे पहले भी दो दिन पूर्व तहसील सदर क्षेत्र के थाना सुभाषनगर इलाके में अवैध खनन में संलिप्त एक जेसीबी मशीन को सीज किया गया था। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
10 लाख रूपये से अधिक के दंड की तैयारी
अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए वाहनों के विरुद्ध अर्थदंड की कार्रवाई की जा रही है। इसमें लगभग 10 लाख रुपये से अधिक की वसूली प्रस्तावित है। जिला प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डीएम के निर्देश पर चल रहे इस विशेष अभियान के तहत आगे भी नियमित छापेमारी और निरीक्षण की कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून व्यवस्था और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।
