18 कार्टून समेत भारी मात्रा में विस्फोटक पटाखे बरामद, दीपावली से पहले अवैध भंडारण और बिक्री का खुलासा
बरेली : दीपावली से पहले बरेली में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री का मामला सामने आया है। फरीदपुर थाना पुलिस ने मोहल्ला परा में छापेमारी कर घरों में छिपाकर रखे गए करीब ढाई लाख रुपये कीमत के पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, 6 नवंबर की रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोहल्ला परा में कुछ लोग अपने घरों में अवैध रूप से पटाखे जमा कर उनकी बिक्री कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने सोमपाल राठौर के मकान के पास स्थित अनुज और हर्षित के घरों पर छापेमारी की।
पुलिस ने दो को लिया हिरासत में
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अनुज और हर्षित निवासी मोहल्ला परा, फरीदपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में पटाखों के 18 गत्ते के कार्टून,एक पेटी छुरछुरी, एक पेटी स्काई शॉट, एक पेटी मुन्ना पटाखा, 20 कैंडल बम और 20 पैकेट अनार बम बरामद किए गए। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई गई है। एसएसपी के निर्देश पर अवैध विस्फोटक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
