मृत दरोगा के नाम और वर्दी वाली फोटो का इस्तेमाल कर बनाया फर्जी अकाउंट, साइबर जांच में मोबाइल नंबर और सिम कार्ड से आरोपी तक पहुंची
बरेली : यूपी के बरेली में एक मृत दरोगा की वर्दी वाली फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी Instagram अकाउंट बनाने और उसके जरिए महिलाओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने चीनी मिल के एक अधिकारी को गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, आरोपी मीरगंज स्थित धामपुर बायो ऑर्गेनिक्स लिमिटेड (DBOL) शुगर मिल में केमिकल एनालिसिस अधिकारी के पद पर कार्यरत है। यह मामला 14 सितंबर को सामने आया था। पुलिस के अनुसार, Instagram पर ‘दीपक जाट’ नाम से एक प्रोफाइल बनाई गई थी। प्रोफाइल पर पुलिस की वर्दी पहने एक दरोगा की तस्वीर लगाई गई थी और नियुक्ति स्थान बरेली दर्शाया गया था। इसी अकाउंट से एक महिला के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी वाली पोस्ट किए जाने का आरोप है। पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यूजर्स की ओर से भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।
मृत दरोगा की फोटो का किया इस्तेमाल
शिकायत के बाद पुलिस ने अकाउंट की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि प्रोफाइल पर इस्तेमाल की गई तस्वीर एक ऐसे दरोगा की थी। जिनकी करीब दो महीने पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार, मृत दरोगा मूल रूप से मिर्जापुर जिले के चील्ह थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। जांच में यह भी सामने आया कि मृत दरोगा का इस Instagram अकाउंट से कोई संबंध नहीं था। पुलिस का आरोप है कि किसी अन्य व्यक्ति ने सोशल मीडिया से उनकी वर्दी वाली तस्वीर लेकर फर्जी पहचान बनाने के लिए उसका इस्तेमाल किया।
मोबाइल और सिम कार्ड से आरोपी तक पहुंची साइबर पुलिस
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने फर्जी Instagram अकाउंट से जुड़े मोबाइल नंबर, सिम कार्ड और मोबाइल डिवाइस से संबंधित तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। पुलिस के मुताबिक, जांच के आधार पर आरोपी की पहचान दीपक निवासी रतुपुरा, पोस्ट हैजलपुर, थाना रायपुर देहात, जिला बिजनौर के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी मीरगंज स्थित DBOL शुगर मिल में केमिकल एनालिसिस अधिकारी के पद पर कार्यरत है।
झुमका चौराहे से गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को साइबर क्राइम थाना पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी झुमका चौराहे के पास मौजूद है और कहीं जाने की फिराक में है।सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पूछताछ में फर्जी पहचान बनाने की बात सामने आने का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर पोस्ट करने की बात स्वीकार की है।हालांकि,इस मामले में पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। कार्रवाई करने वाली टीम में साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक गुरमीत तोमर और सौरव तोमर, हेड कांस्टेबल विलिश कुमार तथा कांस्टेबल विवेक कुमार शामिल रहे। मामले में पुलिस फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाने, मृत पुलिसकर्मी की पहचान/फोटो के इस्तेमाल और आपत्तिजनक टिप्पणियों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
