दो दशक से रंगमंच की सेवा का मिला सम्मान, गोरखपुर रंग महोत्सव में प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र और सम्मान राशि से किया जाएगा सम्मानित
बरेली: रंगमंच के क्षेत्र में बरेली के लिए गर्व की खबर सामने आई है। शहर की प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्था रंग विनायक रंगमंडल (विंडरमेयर थिएटर) को वर्ष 2026 के नेशनल थिएटर अचीवर्स अवॉर्ड के लिए चुना गया है। संस्था के निदेशक एवं विंडरमेयर थिएटर के मुख्य संरक्षक डॉ. ब्रजेश्वर सिंह को यह सम्मान गोरखपुर रंग महोत्सव के दौरान प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान हर वर्ष अभियान थिएटर, गोरखपुर द्वारा देशभर में रंगमंच के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली संस्थाओं और रंगकर्मियों को दिया जाता है। इस वर्ष डॉ. ब्रजेश्वर सिंह के साथ संतोष राजपूत (उपाध्यक्ष, विवेचना रंगमंडल, जबलपुर) को भी नेशनल थिएटर अचीवर्स अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। दोनों को समारोह में प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र और सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
दो दशक से रंगमंच को नई पहचान दे रहे डॉ. ब्रजेश्वर सिंह

डॉ. ब्रजेश्वर सिंह पिछले दो दशकों से दया दृष्टि चैरिटेबल ट्रस्ट के अंतर्गत रंग विनायक रंगमंडल का संचालन कर रहे हैं। उन्होंने बरेली के सिविल लाइंस क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त ब्लैक बॉक्स ऑडिटोरियम की स्थापना की,जिसे विंडरमेयर थिएटर के नाम से जाना जाता है। यह मंच आज स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के रंगकर्मियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है।
16 राष्ट्रीय रंग महोत्सव और 50 से अधिक नाटकों का मंचन
डॉ. ब्रजेश्वर सिंह के नेतृत्व में बरेली में अब तक 16 राष्ट्रीय रंग महोत्सव आयोजित किए जा चुके हैं, जिन्हें विंडरमेयर थिएटर फेस्टिवल के नाम से पहचान मिली। दो वर्ष पहले इस आयोजन को विंडरमेयर थिएटर फेस्टिवल एंड अवॉर्ड्स के रूप में नई पहचान दी गई।विंडरमेयर थिएटर में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशी कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां दे चुके हैं। वहीं, रंग विनायक रंगमंडल अब तक 50 से अधिक नाटकों का सफल मंचन कर चुका है। इस सम्मान को बरेली के सांस्कृतिक और रंगमंचीय जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। रंगकर्मियों और कला प्रेमियों ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए डॉ. ब्रजेश्वर सिंह और उनकी संस्था को बधाई दी है।
