सुबह सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्कर, 14 वर्षीय सिद्धार्थ की मौके पर मौत; देर शाम लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से 65 वर्षीय नियाज खां ने दम तोड़ा
बरेली: धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर शुक्रवार को अलग-अलग सड़क हादसों में कक्षा पांच के छात्र समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छात्र के चाचा समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों हादसों के बाद पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में लेकर दुनका पुलिस चौकी में खड़ा करा दिया है। दोनों मामलों में चालक मौके से फरार बताए जा रहे हैं।
सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्कर
पहला हादसा शुक्रवार सुबह आनंदपुर के पास हुआ। दुनका निवासी सौरभ गुप्ता का 14 वर्षीय बेटा सिद्धार्थ गुप्ता दिल्ली पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था। स्कूल बस मिर्जापुर तक आती है। शुक्रवार सुबह सिद्धार्थ अपने चाचा शानू गुप्ता के साथ बाइक से मिर्जापुर जा रहा था। आनंदपुर के पास धनेटा की ओर से आ रही सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सिद्धार्थ सड़क पर जा गिरा और ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। हादसे में सिद्धार्थ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके चाचा शानू गुप्ता घायल हो गए।
इलाज के लिए बरेली भेजे गए घायल चाचा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शानू गुप्ता को उपचार के लिए बरेली भेजा गया। पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर दुनका पुलिस चौकी पर खड़ा करा दिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। सिद्धार्थ दो भाइयों में बड़ा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और उसकी मां बेसुध हो गई। हादसे के समय सिद्धार्थ के पिता राजस्थान गए हुए थे। उनके शाम तक लौटने की संभावना बताई गई।
दूसरे हादसे में 65 वर्षीय नियाज खां की मौत
दूसरा हादसा शुक्रवार देर शाम धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर बसई गांव के पास ईंट-भट्ठे के निकट हुआ। यहां लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार नियाज खां और जंगा खां को टक्कर मार दी। हादसे में 65 वर्षीय नियाज खां और 53 वर्षीय जंगा खां गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान नियाज खां की मौत हो गई, जबकि घायल जंगा खां का उपचार कराया जा रहा है।
दोनों हादसों में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां कब्जे में, चालक फरार
लगातार हुए दोनों हादसों के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में लेकर दुनका पुलिस चौकी में खड़ा करा दिया है। दोनों मामलों में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हैं। पुलिस हादसों की जांच कर रही है और फरार चालकों की तलाश की जा रही है।
