14 वर्षीय छात्र को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचला, चाचा गंभीर,दूसरे हादसे में 65 वर्षीय व्यक्ति ने भी तोड़ा दम, एक घायल
बरेली : यूपी के बरेली देहात के धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर करीब 12 घंटे के भीतर दो अलग-अलग सड़क हादसों में 14 वर्षीय छात्र समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।दोनों घटनाओं में बाइक सवार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आए।हादसे के बाद दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर दुनका पुलिस चौकी में खड़ा करा दिया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच करते हुए फरार चालकों की तलाश कर रही है।
स्कूल बस पकड़ने जा रहा था 14 वर्षीय सिद्धार्थ
पहला हादसा शुक्रवार सुबह आनंदपुर गांव के पास हुआ।दुनका निवासी सौरभ गुप्ता का 14 वर्षीय बेटा सिद्धार्थ गुप्ता दिल्ली पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था। स्कूल बस मिर्जापुर तक आती थी और वहां जाकर से सिद्धार्थ को बस पकड़नी थी। शुक्रवार सुबह सिद्धार्थ अपने चाचा शानू गुप्ता के साथ बाइक से मिर्जापुर जा रहा था। इसी दौरान आनंदपुर के पास धनेटा की ओर से आ रही सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी।।टक्कर लगते ही सिद्धार्थ बाइक से सड़क पर गिर गया। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। हादसे में सिद्धार्थ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके चाचा शानू गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए बरेली भेजा गया है।
बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है। सिद्धार्थ दो भाइयों में बड़ा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे के समय सिद्धार्थ के पिता राजस्थान में थे, जिन्हें घटना की जानकारी दी गई।
देर रात लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में मारी टक्कर
दूसरा हादसा गुरुवार देर रात धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर बसई गांव के पास ईंट-भट्ठे के नजदीक हुआ। यहां लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार नियाज खां (65) और जंगा खां (53) को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। इलाज के दौरान नियाज खां की मौत हो गई, जबकि जंगा खां का उपचार जारी है।
दोनों हादसों में चालक वाहन छोड़कर फरार
लगातार हुए दोनों हादसों के बाद पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में ले लिया है। दोनों वाहनों को दुनका पुलिस चौकी में खड़ा कराया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों घटनाओं में चालक मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश की जा रही है। धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर कम समय के अंतराल में हुए इन दो हादसों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस दोनों घटनाओं के कारणों की जांच कर रही है। हादसों में शामिल वाहनों और फरार चालकों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
