दो ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी, हजारों टी-शर्ट-लोअर, ब्रांडेड लेबल और सिलाई मशीनें बरामद, तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बरेली : यूपी के बरेली की नगर पालिका बहेड़ी में नामी विदेशी ब्रांडों के नाम और लोगो का कथित तौर पर इस्तेमाल कर नकली कपड़े तैयार करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। शेखुपुर मोहल्ले में दो अलग-अलग ठिकानों पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने बड़ी मात्रा में CK, TOMMY HILFIGER, UNDER ARMOUR और HUGO BOSS के नाम वाले कपड़े, लेबल और अन्य ब्रांडिंग सामग्री बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के बाद दो ठिकानों के संचालकों समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत पर कार्रवाई
एफआईआर में दर्ज विवरण के अनुसार, मुंबई निवासी विनायक घनश्याम बुलवाइकर नामी कंपनियों के नकली उत्पादों की जांच के लिए अधिकृत प्रतिनिधि हैं। उनकी शिकायत के आधार पर 15 अगस्त को पुलिस टीम ने बहेड़ी के शेखुपुर मोहल्ले में जांच और कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर नामी ब्रांडों के नाम और लेबल का इस्तेमाल कर कपड़े तैयार किए जाने की बात सामने आई। दोनों स्थानों से तैयार कपड़ों के साथ-साथ सिलाई मशीन और ब्रांडिंग से जुड़ी सामग्री भी बरामद की गई।
पहले ठिकाने से सैकड़ों ब्रांडेड नाम वाली टी-शर्ट बरामद
पुलिस के अनुसार, शेखुपुर वार्ड नंबर 24 स्थित एक कारखाने में बड़ी संख्या में टी-शर्ट मिलीं। एफआईआर में करीब 505 CK, 501 TOMMY HILFIGER, 400 UNDER ARMOUR और करीब 400 HUGO BOSS नाम वाली टी-शर्ट बरामद होने का उल्लेख है। मौके से सिलाई मशीन भी बरामद की गई।
इरशाद ट्रेडर्स से भी बड़ी मात्रा में सामान बरामद
इसके बाद पुलिस टीम ने वार्ड नंबर 25 स्थित इरशाद ट्रेडर्स पर कार्रवाई की। एफआईआर के मुताबिक यहां से करीब 220 UNDER ARMOUR लोअर, 720 HUGO BOSS टी-शर्ट और 1,024 BOSS लेबल समेत अन्य ब्रांडिंग सामग्री बरामद की गई। यहां से भी सिलाई मशीन बरामद होने की बात पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज है।
सोशल मीडिया के जरिए बिक्री का भी आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तैयार किए जा रहे इन कपड़ों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूट्यूब और इंस्टाग्राम के माध्यम से असली ब्रांड का माल बताकर प्रचारित और बेचने का प्रयास किया जाता था।शिकायतकर्ता की ओर से यह भी आरोप लगाया गया कि संबंधित लोगों के पास इन कंपनियों के नाम और लोगो का इस्तेमाल करने की कोई अधिकृत अनुमति नहीं थी। हालांकि, सोशल मीडिया के जरिए बिक्री से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
तीन लोगों के खिलाफ FIR, जांच शुरू
पुलिस ने बरामद कपड़ों और ब्रांडिंग सामग्री को कब्जे में लेकर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। बहेड़ी थाने में एफआईआर संख्या 0637/2026 दर्ज की गई है। इस मामले में दो लोगों को नामजद, और एक अज्ञात व्यक्ति को आरोपी बनाया गया है।एफआईआर में ट्रेड मार्क अधिनियम, कॉपीराइट एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं का उल्लेख किया गया है। इस मामले की विवेचना उपनिरीक्षक तेजपाल सिंह को सौंपी गई है। अब पुलिस बरामद माल के स्रोत, निर्माण और कथित बिक्री नेटवर्क समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।
