रक्षाबंधन के बाद यात्रियों की संख्या घटी तो एयर टिकट के दाम भी नीचे आए, दिल्ली-नोएडा का किराया 3,500 रुपये से शुरू
बरेली : हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रक्षाबंधन के बाद बरेली एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या में कमी आने के साथ ही कई प्रमुख रूटों पर हवाई टिकट के किराये में भी गिरावट दर्ज की गई है।बरेली से दिल्ली, नोएडा और नवी मुंबई जाने वाली फ्लाइटों के किराये में कुछ तारीखों पर करीब 6 से 7 हजार रुपये तक की कमी सामने आई है। रक्षाबंधन के आसपास बढ़ी मांग के चलते कुछ रूटों पर टिकट काफी महंगे हो गए थे। दिल्ली और नोएडा के टिकट करीब 13 हजार रुपये तक पहुंच गए थे। अब मांग कम होने के बाद इन रूटों पर यात्रियों को अपेक्षाकृत कम किराये में टिकट मिल रहे हैं।
रक्षाबंधन के बाद घटे एयरपोर्ट पर यात्री
रक्षाबंधन के दौरान बरेली एयरपोर्ट से रोजाना औसतन 420 से 425 यात्रियों का आवागमन हो रहा था। अब यह संख्या घटकर करीब 340 से 350 यात्री प्रतिदिन रह गई है।यात्रियों की मांग कम होने का असर हवाई टिकटों की कीमत पर दिखाई दे रहा है। बताया गया है कि 14 से 21 सितंबर के बीच दिल्ली और नोएडा रूट पर किराये में करीब छह हजार रुपये तक और नवी मुंबई रूट पर करीब सात हजार रुपये तक की कमी सामने आई है।
नोएडा का टिकट 3,500 रुपये से शुरू
नोएडा रूट पर कुछ तारीखों में किराया काफी कम हुआ है। 14 सितंबर को नोएडा से बरेली का किराया 3,591 रुपये, जबकि बरेली से नोएडा का किराया 4,526 रुपये बताया गया है। 16 सितंबर को नोएडा से बरेली का किराया 4,883 रुपये और बरेली से नोएडा का 4,265 रुपये है। वहीं 18 सितंबर को नोएडा से बरेली का किराया 3,591 रुपये और बरेली से नोएडा का 4,265 रुपये बताया गया है। इस तरह यात्रियों को रक्षाबंधन के आसपास की तुलना में अब इस रूट पर काफी राहत मिल रही है।
दिल्ली आने-जाने का किराया भी हुआ कम
दिल्ली रूट पर भी टिकट के दाम में कमी देखी जा रही है। 15 सितंबर को दिल्ली से बरेली का किराया 6,137 रुपये, जबकि बरेली से दिल्ली का टिकट 4,895 रुपये बताया गया है। 17 सितंबर को दिल्ली से बरेली का किराया 6,137 रुपये और बरेली से दिल्ली का 5,341 रुपये है। वहीं 19 सितंबर को दिल्ली से बरेली का किराया 5,717 रुपये और बरेली से दिल्ली का 4,685 रुपये बताया गया है।
नवी मुंबई का किराया भी 7 हजार के आसपास
बरेली से नवी मुंबई जाने वाले यात्रियों को भी राहत मिली है। इस रूट पर टिकट अब करीब 6,700 से 7,000 रुपये के बीच उपलब्ध होने की जानकारी है। हालांकि कनेक्टिंग फ्लाइट का किराया करीब 9,400 रुपये बताया गया है। पिछले दिनों यात्रियों की बढ़ी मांग के कारण इस रूट पर भी टिकट के दाम काफी ऊपर चले गए थे। अब मांग कम होने के बाद किराये में गिरावट आई है।
बंगलूरू जाने वालों को अभी राहत नहीं
बरेली-बंगलूरू रूट पर फिलहाल किराये में ज्यादा कमी नहीं आई है। 14 से 17 सितंबर के बीच नॉन-स्टॉप फ्लाइट का किराया करीब 13,321 रुपये, जबकि कनेक्टिंग फ्लाइट का किराया करीब 15,321 रुपये बताया गया है।।इस रूट पर यात्रियों की मांग अभी बनी हुई है, इसलिए दिल्ली, नोएडा और नवी मुंबई की तुलना में बंगलूरू के टिकट महंगे हैं।
सितंबर-अक्तूबर में सामान्य तौर पर कम होती है मांग
एयरपोर्ट निदेशक अवधेश अग्रवाल के मुताबिक यात्रियों की मांग कम होने के कारण टिकट के किराये में गिरावट आई है।सितंबर-अक्तूबर में आमतौर पर हवाई यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रहती है। मांग घटने का सीधा असर टिकट की कीमतों पर पड़ता है।
यात्रियों के लिए राहत का मौका
फिलहाल बरेली से दिल्ली,नोएडा और नवी मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए किराये में आई कमी राहत देने वाली है। हालांकि हवाई किराया तारीख, सीटों की उपलब्धता, बुकिंग के समय और मांग के अनुसार लगातार बदल सकता है, इसलिए ऊपर दिए गए किराये संबंधित तारीखों पर उपलब्ध किराये के आधार पर हैं और बुकिंग के समय इनमें बदलाव संभव है।
