बरेली : शहर की बारादरी थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 34.800 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने करीब 10.50 लाख रुपये कीमत के गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार भी कब्जे में ले ली है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बनखंडीनाथ मंदिर के पास चेकिंग के दौरान कार्रवाई
सोमवार को शहर के थाना बारादरी प्रभारी बिजेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ पीलीभीत बाईपास रोड स्थित बनखंडीनाथ मंदिर के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सुरेश शर्मा नगर चौराहे की ओर से आ रही एक कार को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर कार चालक और उसमें सवार लोग घबरा गए। कार रोककर तीनों भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 34.800 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
दिल्ली से लाकर बरेली में करते थे सप्लाई
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली के आनंद विहार इलाके से अलग-अलग बसों के जरिए गांजा लेकर बरेली आते थे। इसके बाद कार के माध्यम से शहर में इसकी सप्लाई की जाती थी। आरोपियों ने बताया कि संजयनगर निवासी अमित सिंह उन्हें पैसों का लालच देकर दिल्ली से गांजा मंगवाता था। गांजा बेचने के बाद मिलने वाली रकम आपस में बांट ली जाती थी। हालांकि, अमित सिंह गांजा किससे खरीदता था और किन लोगों को बेचता था, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
दो आरोपी गिरफ्तार,तीसरे की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में प्रेमनगर निवासी जय जनेला और बारादरी निवासी अरुण राजपूत को गिरफ्तार किया है। मौके से फरार हुए आरोपी की पहचान अमित सिंह निवासी संजयनगर, थाना बारादरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 34.800 किलोग्राम गांजा और एक कार बरामद की है। इस मामले में थाना बारादरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
