Barabanki News: सीएम योगी ने 550 करोड़ की 82 परियोजनाओं की दी सौगात, बोले- सपा विरासत और विकास दोनों की विरोधी
लोधेश्वर महादेव धाम में जलाभिषेक के बाद जनसभा, विकास कार्यों के साथ सपा और कांग्रेस पर साधा निशाना
बाराबंकी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को बाराबंकी के रामनगर स्थित प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव धाम पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। इसके बाद लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर की आधारशिला रखी और दरियाबाद में आयोजित जनसभा में करीब 550 करोड़ रुपये की लागत वाली 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
550 करोड़ की 82 परियोजनाओं की दी सौगात
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास परियोजनाओं से जिले में सड़क, आधारभूत ढांचे, धार्मिक पर्यटन और जनसुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर बनने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
सपा और कांग्रेस पर बोला हमला
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग प्रदेश की विरासत के विरोधी हैं, वही विकास के भी सबसे बड़े विरोधी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लूट करने वाली और समाजवादी पार्टी डकैती डालने वाली पार्टी है।
महिलाओं की सुरक्षा पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में महिलाओं की सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती थी। उन्होंने कहा कि “देख सपाई, बिटिया घबराई” केवल नारा नहीं बल्कि उस दौर की वास्तविक तस्वीर थी।
ब्रह्मोस मिसाइल और एक्सप्रेसवे का किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले प्रदेश में तमंचे और कट्टे बनते थे, जबकि आज उत्तर प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने परियोजना की लागत घटाकर हजारों करोड़ रुपये की सार्वजनिक धनराशि बचाई और गुणवत्तापूर्ण एक्सप्रेसवे तैयार कराया।
लोधेश्वर धाम बनेगा धार्मिक पर्यटन का केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाराबंकी की एक ओर राजधानी लखनऊ और दूसरी ओर अयोध्या होने से जिले का महत्व और बढ़ गया है। लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर बनने के बाद धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की। हेलीपैड, मंदिर परिसर और जनसभा स्थल पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक भी की।
