गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में डूबे दो युवक, पुलिस और गोताखोरों ने रेस्क्यू के बाद बरामद किए शव
बदायूं : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। उझानी क्षेत्र में गंगा में नहाने गए दो युवक गहरे पानी में डूब गए, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे और लंबे रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों के शव बरामद किए। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
पांच दोस्त गंगा स्नान के लिए पहुंचे थे
जानकारी के अनुसार मुजरिया थाना क्षेत्र के बगुला नगला गांव निवासी पांच युवक बाइक से उझानी थाना क्षेत्र के चंदनपुर गांव के पास गंगा स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के दौरान 25 वर्षीय विवेक पुत्र लीलाधर और 22 वर्षीय कृष्णा उर्फ नन्हें पुत्र दाताराम अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
गोताखोरों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
युवकों के डूबने की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, कछला चौकी पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंच गए। रेस्क्यू अभियान के दौरान शाम करीब साढ़े छह बजे कृष्णा उर्फ नन्हें को गंगा से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद विवेक की तलाश जारी रही और काफी मशक्कत के बाद उसका शव भी गंगा से बरामद कर लिया गया।
परिवार में मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलते ही दोनों युवकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। अपने बेटों के शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही प्रशासन ने लोगों से गंगा और अन्य नदियों में स्नान करते समय गहरे पानी से दूर रहने और सावधानी बरतने की अपील की है।
रिपोर्ट: राजा खान, बदायूं
