सहसवान के मोहल्ला शहबाजपुर के लोगों ने गंदे पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग उठाई
बदायूं: जिले के सहसवान नगर के मोहल्ला शहबाजपुर के लोगों ने तकिया कब्रिस्तान के पीछे स्थित तालाब को पाटकर की जा रही प्लॉटिंग के विरोध में उपजिलाधिकारी के नाम तहसीलदार राकेश कुमार को ज्ञापन सौंपा। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि तालाब खत्म होने से गंदे पानी के निकास का प्राकृतिक रास्ता बंद हो गया है, जिससे जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न होने लगी है।
ज्ञापन में बताया गया कि तकिया कब्रिस्तान के पीछे मौजूद तालाब में मोहल्ला शहबाजपुर की बड़ी आबादी के घरों का गंदा पानी एकत्र होता था। आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा तालाब को पाटकर प्लॉटिंग की जा रही है, जिससे पानी की निकासी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। परिणामस्वरूप गंदा पानी अब सड़कों पर भरने लगा है।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि वर्तमान में बरसात का मौसम चल रहा है। यदि समय रहते गंदे पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई तो जलभराव की स्थिति और गंभीर हो जाएगी। इससे गंदा पानी लोगों के घरों में घुस सकता है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाएगा।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि नगर पालिका परिषद द्वारा अवैध कॉलोनियों और प्लॉटिंग पर रोक के बावजूद तालाबों को पाटकर प्लॉटिंग का कार्य जारी है। क्षेत्रवासियों ने स्पष्ट किया कि उन्हें प्लॉटिंग किए जाने से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उससे पहले गंदे पानी की निकासी की समुचित और स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
मोहल्लेवासियों ने एसडीएम सहसवान से मांग की कि जब तक जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक संबंधित प्लॉटिंग पर आवश्यक कार्रवाई की जाए। तहसीलदार राकेश कुमार ने एसडीएम के नाम संबोधित ज्ञापन प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने वालों में वासिफ हुसैन, सभासद नासिर अली, हाफिज नदीम, विकार हुसैन, तनवीर, मुजीब सलमानी, शरीफ अहमद, नफीस अहमद, जफर खान, नाजिम, फकीर मोहम्मद सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौजूद रहे।