बदायूं के सहसवान में आजाद समाज पार्टी की प्रेसवार्ता, कानून-व्यवस्था और बेरोजगारी समेत कई मुद्दे उठाए
विधानसभा 113 सहसवान में आयोजित प्रेसवार्ता में सरकार पर निशाना, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान, रोजगार और महंगाई को लेकर रखी पार्टी की बात
बदायूं: जिले के सहसवान में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की ओर से बुधवार को विधानसभा 113 सहसवान में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। डॉ. तौहीद अली, प्रदेश संयुक्त मंत्री एवं विधानसभा प्रभारी के माध्यम से आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश संगठन मंत्री एवं मुख्य मंडल प्रभारी बरेली संजीव सागर और मंडल प्रभारी भाईचारा कमेटी रवि मौर्य ने जनहित से जुड़े कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
कानून-व्यवस्था और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा
पार्टी पदाधिकारियों ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अपेक्षित काम नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या, लूट और महिलाओं के साथ अपराध की घटनाओं के कारण आम जनता के बीच असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
कक्षा एक से 12 तक निःशुल्क शिक्षा का संकल्प
संजीव सागर ने पार्टी के संकल्प-पत्र के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर कक्षा एक से 12 तक निःशुल्क शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही शराबबंदी, बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलने तक बेरोजगारी भत्ता और पुरानी पेंशन बहाली का भी संकल्प बताया गया।
पुलिसकर्मियों की आठ घंटे की ड्यूटी का दावा
पार्टी नेताओं ने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए आठ घंटे की ड्यूटी और साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था की जाएगी। संविदा कर्मचारियों को स्थायी करने और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने की बात भी कही गई। पेपर लीक के मामलों को रोकने के लिए सख्त कानून बनाने का संकल्प भी प्रेसवार्ता में बताया गया।
किसानों के लिए सभी फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी
पार्टी पदाधिकारियों ने किसानों के मुद्दे पर भी अपनी योजनाएं सामने रखीं। उन्होंने सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी और 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की बात कही।इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षा और बेघर परिवारों को पक्का मकान देने सहित कई संकल्पों की जानकारी दी गई।
सड़क से सदन तक उठाएंगे जनता की आवाज
पार्टी नेताओं ने कहा कि विधानसभा 113 सहसवान की जनता की समस्याओं को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों की लड़ाई लगातार जारी रहेगी।
कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष तमीमउद्दीन उर्फ बाबू चौधरी, राय सिंह सागर, वीरू भारती, प्रताप सिंह उर्फ जेपी सागर, जुबेर सिद्दीकी, जसवीर सागर, नरेश सागर, शाकिर अंसारी, राजवीर सागर, पवन सागर, सोमदत्त सागर और पंकज सागर समेत पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट : राजा खान : बदायूं
