बदायूं में हिरासत में राजेश की मौत पर सियासत तेज, सीसीटीवी फुटेज से उठे गंभीर सवाल
दातागंज कोतवाली के सीसीटीवी फुटेज को लेकर उठे सवाल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सरकार पर लगाया जंगलराज का आरोप
बदायूं: जिले के दातागंज कोतवाली में युवक राजेश की पुलिस हिरासत के दौरान हुई मौत का मामला अब सियासी तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने इस मामले को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए बदायूं में जंगलराज होने का आरोप लगाया है। वहीं, दातागंज कोतवाली का सामने आया सीसीटीवी फुटेज भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
सीसीटीवी फुटेज में राजेश को झकझोरता दिखा पुलिसकर्मी
सामने आए करीब चार मिनट 17 सेकंड के सीसीटीवी फुटेज में राजेश को हवालात के गेट के पास पुलिसकर्मी और होमगार्ड लाते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में एक सिपाही राजेश की टी-शर्ट पकड़कर उसे झकझोरता नजर आता है। वह पैर से भी उसे रोकता दिखाई देता है। इसी दौरान एक होमगार्ड बोतल से राजेश के चेहरे पर पानी डालता नजर आता है। इसके बाद राजेश फर्श पर गिर जाता है और उसके शरीर में कोई हलचल दिखाई नहीं देती। पुलिसकर्मी वहां से अन्य लोगों को बुलाने के लिए जाते हैं। कुछ देर बाद होमगार्ड वापस लौटकर राजेश को देखता है।
पोस्टमार्टम में हृदयाघात बताया गया मौत का कारण
इसके बाद एक दरोगा, सिपाही और अन्य व्यक्ति भी मौके पर पहुंचते हैं। सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति अंगोछे से राजेश को हवा करता दिखाई देता है। पुलिस के अनुसार, राजेश को अटसेना गांव में भंडारे के दौरान हुए विवाद के बाद शांति भंग की कार्रवाई के तहत हिरासत में लिया गया था। हवालात में उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हृदयाघात बताया गया है।
अजय राय ने सरकार पर साधा निशाना
राजेश की मौत के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बदायूं में दलित युवक की पुलिस हिरासत में मौत हुई है और प्रदेश में जंगलराज की स्थिति है। उन्होंने इस घटना के साथ शामली में हुई गायक अंकित बालियान की हत्या का भी जिक्र किया।
राजेश के भाई की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा
मामले में राजेश के भाई हृदेयश की तहरीर पर प्रमोद, अजीत, रघुवीर, धर्मवीर और पप्पू के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। तहरीर में भंडारे के दौरान गाना बजाने को लेकर विवाद, गालीगलौज और मारपीट का आरोप लगाया गया है।
पोस्टमार्टम और हत्या के मुकदमे को लेकर उठे सवाल
अब इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और दर्ज मुकदमे को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जब पोस्टमार्टम में मौत का कारण हृदयाघात बताया गया है, तो दूसरे पक्ष के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा किन परिस्थितियों और तथ्यों के आधार पर दर्ज किया गया, इसे लेकर चर्चा तेज है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद हिरासत में राजेश के साथ क्या हुआ, उसकी तबीयत अचानक कैसे बिगड़ी और मौत की पूरी परिस्थितियां क्या थीं, इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।
