लगातार बारिश के चलते बदायूं में हुआ दर्दनाक हादसा, मलबे में दबने से महिला ने मौके पर तोड़ा दम; पुलिस और राजस्व टीम जांच में जुटी
बदायूं : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। उघैती थाना क्षेत्र के ग्राम रघुनाथपुर पीपरी में देर रात एक कच्चे मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय घर में सो रही महिला मलबे में दब गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही बारिश से कच्चा मकान कमजोर हो गया था। देर रात अचानक मकान की छत गिर गई और नीचे सो रही महिला उसके मलबे में दब गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद महिला को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तुरंत डायल-112 पुलिस और राजस्व विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
मृतका अपने पीछे पति और चार मासूम बच्चों को छोड़ गई है। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और स्थानीय लोग पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने की मांग कर रहे हैं।