मिड-डे मील बनाते समय गैस लीक होने से लगी आग, 20 बच्चों को सुरक्षित निकाला गया, पुलिस ने बुझाई लपटें
बदायूं: बदायूं जिले के बिसौली क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय रामपुरिया में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्यालय की रसोई में खाना बनाते समय गैस सिलिंडर में अचानक आग लग गई। घटना के समय स्कूल में करीब 20 बच्चे मौजूद थे, जिन्हें तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब सवा आठ बजे रसोइया मिड-डे मील तैयार करने के लिए सिलिंडर खोल रहा था। इसी दौरान गैस लीक होने लगी और चूल्हा जलाते ही सिलिंडर ने आग पकड़ ली। आग लगते ही विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बच्चों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि, उनके पहुंचने से पहले ही पुलिस के कांस्टेबल सत्येंद्र पाल और हेड कांस्टेबल महावीर ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए आग पर काबू पा लिया। उनकी त्वरित कार्रवाई से सिलिंडर फटने जैसी बड़ी दुर्घटना टल गई।
आग लगने के दौरान काफी देर तक सिलिंडर फटने की आशंका बनी रही, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी बच्चे, शिक्षक या कर्मचारी को कोई चोट नहीं आई। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।