कछला गंगा घाट और कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण, सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं पर दिए सख्त निर्देश
बदायूं: आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर बदायूं पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा ने डीआईजी अजय कुमार साहनी, जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के साथ कछला गंगा घाट एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस लाइन में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, डायवर्जन योजना, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सहायता, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन सर्विलांस, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली की तैयारियों की समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में एडीजी रमित शर्मा ने कहा कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा को ‘शून्य घटना, शून्य दुर्घटना’ के लक्ष्य के साथ संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
एडीजी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस और प्रशासन बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए, लगातार गश्त की जाए और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सक्रिय रखी जाए। उन्होंने बरेली, संभल और शाहजहांपुर सहित सीमावर्ती जिलों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था हर हाल में सुचारु रहे तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस और प्रशासन को फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने और यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने के लिए पूरी सतर्कता बरतने को कहा गया।