बरेली-बदायूं हाईवे पर हुई मुठभेड़, एक सिपाही भी घायल, हथियार और नकदी बरामद
बदायूं: जिले के बिनावर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और टप्पेबाजों के बीच मुठभेड़ हो गई। बरेली-बदायूं हाईवे पर गांव घटपुरी के पास हुई इस कार्रवाई में किसान से टप्पेबाजी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि एक सिपाही भी घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी नौ जुलाई को भारतीय स्टेट बैंक की बिनावर शाखा के पास एक किसान से 20 हजार रुपये की टप्पेबाजी कर फरार हो गए थे। घटना के बाद से पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।
मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने बरेली-बदायूं हाईवे पर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों आरोपियों को घायल अवस्था में दबोच लिया।
क्षेत्राधिकारी (नगर) राहुल पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवीन उर्फ लकी निवासी गाजियाबाद और बिट्टू बंसल निवासी बहादुरगढ़ (हरियाणा) के रूप में हुई है। उनके कब्जे से दो 315 बोर तमंचे, दो कारतूस और छह हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों और घायल सिपाही को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य टप्पेबाजी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।