गन्ने की सिंचाई के दौरान दो सियारों ने बोला हमला, ग्रामीणों ने बचाई जान, दोनों किसानों को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
बदायूं: जिले के उझानी थाना क्षेत्र में गन्ने के खेत में सिंचाई कर रहे दो सगे भाइयों पर अचानक दो सियारों ने हमला कर दिया। इस हमले में दोनों किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर किसी तरह सियारों को भगाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार उझानी थाना क्षेत्र के सराय स्वाले गांव निवासी 57 वर्षीय नेकसू और उनके 50 वर्षीय छोटे भाई सूरजपाल अपने गन्ने के खेत में पानी लगा रहे थे। इसी दौरान खेत में छिपे दो सियार अचानक बाहर निकले और दोनों भाइयों पर हमला कर दिया।
दोनों भाइयों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने सियारों को वहां से भगाया और दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
हमले में दोनों किसानों के हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें पहले कछला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घटना के बाद गांव के लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों को पकड़ने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।