उघैती के रियोनाई गांव में शादी के कुछ घंटों बाद दूल्हे की मौत, नई नवेली दुल्हन का उजड़ा सुहाग, परिवार में मचा कोहराम
बदायूं: जिले के उघैती थाना क्षेत्र के रियोनाई गांव में एक दर्दनाक घटना ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। 22 वर्षीय बबलू की सुहागरात पर संदिग्ध रूप से सांप के डसने से मौत हो गई। गुरुवार को दुल्हन की विदाई कर घर लौटे बबलू की देर रात तबीयत बिगड़ी और कुछ ही घंटों में उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक के पिता कुंवर पाल मौर्य ने बताया कि देर रात बबलू ने पेट में तेज दर्द की शिकायत की। पहले उसे एक निजी क्लीनिक ले जाया गया, लेकिन वहां से मना कर दिया गया। इसके बाद सहसवान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सांप के डसने से जहर फैलने की आशंका जताते हुए मेडिकल कॉलेज बदायूं रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने डॉक्टरों की सलाह के साथ-साथ झाड़-फूंक का भी सहारा लिया। बबलू को करीब 12 अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। परिवार का कहना है कि शरीर पर सांप के काटने का कोई स्पष्ट निशान नहीं मिला। घर में सपेरे को बुलाकर तलाश भी कराई गई, लेकिन सांप का कोई पता नहीं चला।
बबलू की पत्नी नीतू अभी सुहाग के जोड़े में ही थी। शादी की कई रस्में बाकी थीं, लेकिन उससे पहले ही उसकी जिंदगी में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पति की मौत के बाद नीतू बार-बार बेहोश होती रही और उसकी हालत बेहद खराब बनी हुई है। जिस जीवनसाथी के साथ उसने नई जिंदगी के सपने देखे थे, वह कुछ ही घंटों में हमेशा के लिए बिछड़ गया।
बबलू के पिता कुंवर पाल मौर्य ने कहा कि उन्होंने बड़े अरमानों से बेटे की शादी की थी, लेकिन एक ही रात में सब कुछ खत्म हो गया। बबलू खेती-किसानी में उनका हाथ बंटाता था। परिवार में पांच बच्चों में वह दूसरे नंबर पर था। वहीं मां रामवती का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे की शादी की तैयारियों में कई दिनों से जुटी मां अब उसके बिछड़ने का गम सह नहीं पा रही हैं। शनिवार को परिजनों ने बबलू का अंतिम संस्कार कर दिया।