दिल्ली : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रिलायंस एडीए समूह के प्रमुख अनिल अंबानी को एक बार फिर पूछताछ के लिए तलब किया है। एजेंसी ने उन्हें 14 नवंबर को पेश होने का नोटिस भेजा है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, यह कार्रवाई कथित धनशोधन और बैंक धोखाधड़ी के मामले में की जा रही है।
66 वर्षीय अनिल अंबानी से ईडी ने इससे पहले अगस्त में पूछताछ की थी। सूत्रों के मुताबिक, यह मामला भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) से जुड़े कथित ऋण धोखाधड़ी का है। इसी जांच के तहत ईडी ने हाल ही में अंबानी समूह की कंपनियों की 7,500 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की थी।
3 नवंबर को की गई इस बड़ी कार्रवाई के आधार में सीबीआई द्वारा दर्ज वह एफआईआर शामिल है, जिसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी, 406, 420 और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13 के प्रावधान जुड़े हैं।
कुर्की के बाद अनिल अंबानी समूह की सूचीबद्ध कंपनियों ने स्टॉक एक्सचेंज को सूचित किया कि ईडी द्वारा जब्त की गई संपत्ति का बड़ा हिस्सा रिलायंस कम्युनिकेशंस से संबंधित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान समय में यह कंपनी समाधान पेशेवर (RP) और एसबीआई के नेतृत्व वाली ऋणदाताओं की समिति (CoC) के नियंत्रण में है।
