सपा प्रमुख बोले – चुनावी दूल्हा भी जान गया है कि उसे CM नहीं बनना!
पटना/लखनऊ : बिहार विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन ने आज चुनाव प्रचार को और तेज कर दिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को दो बड़ी जनसभाओं को संबोधित किया। पहली रैली औरंगाबाद के रफीगंज में, जहां उन्होंने गठबंधन प्रत्याशी गुलाम शाहिद के पक्ष में समर्थन मांगा। इसके बाद रोहतास के नोखा में उन्होंने अनीता देवी के समर्थन में सभा की। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दावा किया कि बिहार में इस चुनाव का फैसला पहले चरण में ही तय हो चुका है। “आधी सीटों पर चुनाव हुआ है, लेकिन जनता ने पूरा फैसला दे दिया है। इस बार नौजवान मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ही बनेंगे।” उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं, किसानों, महिलाओं समेत हर वर्ग ने बदलाव के लिए वोट किया है। उन्होंने कहा “सरकार बदलेगी तो बिहार बदलेगा… रोजगार मिलेगा…नौजवानों को पलायन नहीं करना पड़ेगा।”

भाजपा के पास विकास और रोजगार का एजेंडा नहीं
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के पास रोजगार और विकास का कोई एजेंडा नहीं है। “भाजपा नौकरियां देने के बजाय नौजवानों का मज़ाक उड़ाती है। हर साल 2 करोड़ रोजगार और किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन कुछ नहीं किया। 11 साल से केंद्र में सरकार है, लेकिन महंगाई और नौकरी पर चुप है।”उन्होंने कहा कि जब तेजस्वी यादव ने युवाओं को नौकरी देना शुरू किया, तब भाजपा घबरा गई और षड्यंत्र करके सरकार गिरा दी।

एनडीए पर तंज- “चुनावी दूल्हा भी समझ गया”
एसपी चीफ अखिलेश ने कहा “भाजपा को बिहार की जनता ने कभी अकेले सरकार नहीं दी। अब तो चुनावी दूल्हा भी जान गया है कि उसे मुख्यमंत्री नहीं बनना।”उन्होंने दावा किया कि पहले चरण के मतदान के बाद एनडीए में अंदरूनी कलह शुरू हो गई है। अबकी बार बिहार से भाजपा बाहर जा रही है। नौजवानों का नहीं- भाजपा का पलायन होगा।”

UP-बिहार कनेक्ट और एक्सप्रेस-वे मॉडल
उन्होंने कहा कि जैसे उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार ने एक्सप्रेस-वे और सड़कें बनाईं, वैसे ही बिहार में भी आधुनिक विकास मॉडल लागू किया जाएगा। “हम और तेजस्वी मिलकर यूपी और बिहार को जोड़ेंगे। युवाओं को लैपटॉप मिलेगा, पढ़ाई और रोजगार का माहौल बनेगा।” अखिलेश यादव ने कहा“पहले चरण में ही जनता ने INDIA गठबंधन की जीत तय कर दी है। दूसरे चरण में भाजपा का पूरा सफाया हो जाएगा। बिहार परिवर्तन के लिए निकल चुका है।”

