लखनऊ/रामपुर/बरेली: सपा प्रमुख अखिलेश यादव बुधवार को आजम खान से मिलने रामपुर पहुंचे। जौहर यूनिवर्सिटी में आजम खान ने उन्हें रिसीव किया और दोनों नेताओं ने गले मिलकर अपनी मोहब्बत का इज़हार किया। इसके बाद अखिलेश और आजम एक ही कार में बैठे और वहां से सीधे घर पहुंचे। घर के अंदर केवल अखिलेश और आजम ही गए, जबकि आजम की पत्नी और बेटा उस समय मौजूद नहीं थे। यह मुलाकात आजम के 23 महीने बाद जेल से छूटने के बाद दोनों नेताओं की पहली आमने-सामने मुलाकात है।
मोहिबुल्लाह नदवी बरेली में ही अलग हुए
आजम की नाराजगी के चलते अखिलेश ने रामपुर सांसद मोहिबुल्लाह नदवी को बरेली में ही छोड़ दिया। दरअसल, आजम ने मंगलवार को कहा था कि वे सिर्फ अखिलेश से ही मिलेंगे और किसी अन्य से नहीं। उन्होंने कहा, “मैं रामपुर सांसद से वाकिफ नहीं हूं। मेरी उनसे कभी मुलाकात नहीं हुई।”
यात्रा का विवरण
बुधवार सुबह साढ़े 11 बजे अखिलेश यादव लखनऊ से निजी विमान से रामपुर के लिए रवाना हुए। पहले वह बरेली एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से हेलिकॉप्टर के जरिए दोपहर 12:45 बजे जौहर यूनिवर्सिटी लैंड किया। यूनिवर्सिटी में कार्यकर्ताओं ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

जेल से रिहाई के बाद पहली मुलाकात
23 सितंबर को आजम खान जेल से रिहा हुए थे। उस समय अखिलेश उन्हें रिसीव करने नहीं पहुंचे थे। तब आजम ने कहा था, “हम कोई बड़े नेता नहीं हैं। अगर बड़े नेता होते, तो बड़ा नेता लेने आता। बड़ा, बड़े को लेने आता है।”
सुरक्षा व्यवस्था
सपा कार्यकर्ताओं में इस मुलाकात को लेकर भारी उत्साह देखा गया और बरेली से लेकर रामपुर तक जगह जगह बैरिकेडिंग देखने को मिली।इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।
