यूपी की शिक्षा, युवाओं और कानून व्यवस्था पर सपा प्रमुख का बड़ा हमला,अयोध्या चढ़ावा चोरी समेत कई मुद्दों पर योगी सरकार को घेरा, संसद से लेकर प्रदेश तक तेज किए राजनीतिक हमले
लखनऊ/नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर कई मोर्चों पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और मैनपुरी से सांसद डिम्पल यादव ने सरकार पर लोकतंत्र, शिक्षा, युवाओं, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी जैसे मुद्दों को लेकर तीखे आरोप लगाए। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश कार्यालय पर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को “आत्म-प्रशंसा के विज्ञापनों” से लोकप्रियता नहीं मिली, बल्कि आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि लखनऊ अग्निकांड के बाद पीड़ित परिवार से मुख्यमंत्री के व्यवहार और पूर्व की कुछ घटनाओं ने सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। सपा प्रमुख ने कार्यालय पर बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर चुनाव जीतने के लिए जुटने का आह्वान किया।

सीएम का प्रचार तंत्र उनके लिए नुकसानदायक
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने विपक्ष पर कार्रवाई, बुलडोजर की कार्रवाई, कथित फर्जी एनकाउंटर, पीडीए के साथ अन्याय, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री का प्रचार तंत्र ही उनके लिए नुकसानदायक साबित हो रहा है। वहीं संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद डिम्पल यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रही है। उन्होंने कहा कि लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में समाजवादी चिंतक जनेश्वर मिश्र की जयंती पर कार्यक्रम की अनुमति न देना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उनके अनुसार किसी भी राजनीतिक दल को शांतिपूर्ण कार्यक्रम आयोजित करने का संवैधानिक अधिकार है।

युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही सरकार : डिम्पल यादव
सांसद डिम्पल यादव ने युवाओं और शिक्षा के मुद्दे पर भी सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में प्राथमिक विद्यालय बंद किए जा रहे हैं, कई परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं और इससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष छात्रों से जुड़े मुद्दों और कथित पुलिस कार्रवाई पर सरकार से जवाब चाहता है।
अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे का उल्लेख करते हुए डिम्पल यादव ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस विषय पर संसद में चर्चा होनी चाहिए और पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने सरकार पर इस मुद्दे से बचने का आरोप भी लगाया।
युवाओं की आवाज दबाई
सोशल मीडिया पर भी डिम्पल यादव के बयान चर्चा में रहे। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज को दबाया जा रहा है।और छात्रों की रील हटाए जाने जैसे मामलों पर सवाल उठाए।इसके साथ ही उन्होंने पेपर लीक, स्कूलों के बंद होने और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
